Pageviews past week

Tuesday, May 10, 2011

नशे के सौदागर

जोआकिन गुजमान या एल शापो गुजमैन उर्फ शार्टी, मैक्सिको का नशीले पदार्थों का सबसे शक्तिशाली तस्कर है। वर्ष 2003 में अपने प्रतिद्वंद्वी ओसीयल कार्डेंस के मारे जाने के बाद शार्टी मैक्सिको में मादक द्रव्यों की तस्करी का शीर्ष सरगना हो गया। 5 फीट 6 इंच का यह व्यक्ति सिनालोआ नामक ड्रग तस्कर संगठन का सरगना है। यह टनों कोकीन कोलंबिया से मैक्सिको के सहारे अमेरिका में भेजता है। जोआकिन कानून और प्रशासन से गठजोड़ के कारण सुरक्षा एजेंसियों से अबतक आंख मिचोली करता आ रहा है।

52 वर्षीय दाऊद इब्राहिम के आईएसआई और अलकायदा से नजदीकी संबंध हैं। 15 लाख का इनामी भारत, यमन और पाक के पासपोर्ट पर अवैध यात्राएं करता है। हथियारों, मादक पदार्थों की तस्करी, जमीन का फर्जीवाड़ा, हत्या सहित विभिन्न अपराध और 5,000 संगठित अपराधियों के नेटवर्क का सरगना है। पूरी दुनिया में उसका आॅर्गेनाइजेशन डी कंपनी के नाम से जाना जाता है। 1993 के मुंबई धमाके का यह आरोपी 257 की लोगों की मौत का प्रत्यक्ष जिम्मेदार है। बाकी इसके खुद के किए या करवाए कितने लोगों की जानें गई इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है।

सेमीयन मोगीलेविच रूसी माफियाओं में सबसे ऊपर है। इसे भारी टैक्स चोरी के आरोप में 2008 में रूस से गिरफ्तार किया गया था। यूक्रेन में जन्मे सेमीयन को 2009 में हिरासत से छोड़ दिया गया था। मोगीलेविच अमेरिका में भी मोस्ट वांटेड की सूची में सबसे ऊपर है, जिसने 150 मिलियन डॉलर का शेयर घोटाला किया था। यूएस, यूरोपियन कानून और एजेंसियों के अनुसार यह विश्व के सबसे खतरनाक गुंडों में से एक है। सुरक्षा एजेंसियों की नाक में दम कर चुका सेमीयन कभी एक जगह नहीं टिकता, इससे पुलिस को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

मैटिओ मेसिना डेनारो कोसा नोस्ट्रा इटली का मोस्ट वॉन्टेड है। मैटिओ को डियाबोलिक नाम से भी जाना जाता है। यह अपनी फास्ट लाइफ स्टाइल के लिए हमेशा सुखियों में रहता है। मैटिओ मेसिना के कभी एक जगह लंबे समय तक न रुकने के कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इसे पकड़ने में नाकाम रहीं। इटली समेत अरब देशों और अमेरिका, ब्रिटेन में भी इसके अवैध कारोबार हंै। अंतर्राष्ट्रीय माफियाओं से इसके संबंधों के कई सुबूत मिले हैं और गाहे-बगाहे इसके बारे में अफवाहें भी उड़ती हैं कि यह फिल्म उद्योग में सक्रिय हो रहा है।

एलिम्जान तोखताखोउनोव तस्करी, सट्टेबाजी और ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन का दूसरा नाम है। एलिम्जान उज्बेकिस्तान का सबसे खतरनाक माफिया है। जो उज्बेक ही नहीं पूरे यूरोप में कुख्यात है। यह एशिया में तैवानचिक नाम से भी जाना जाता है। अमेरिका के अनुसार वह यूरोपियन आॅर्गेनाइज्ड क्राइम का मास्टर है, जो मुख्यत: ड्रग डिस्ट्रब्यूसन, हथियारों और गाड़ियों की तस्करी का काम करता है। उस पर 2002 के ओलम्पिक खेलों के जजों को रिश्वत देने का भी आरोप है। उसने अपने मनपसंद खिलाड़ियों को ज्यादा अंक दिलाने के लिए सभी तरह के प्रयास किए।

फेलिसिएन काबूगा रवांडा में जाति संघारक के रूप में कुख्यात है। यह नरसंघारों में हथियार सप्लाई और अपने रेडियो स्टेशन से जनता को उकसाने का भी काम करता है। यह इंटरनेशनल क्रिमिनल ट्रिब्युनल फॉर रवांडा में 1949 के जेनेवा कावेंसन के जघन्य अपराधों की सूची में शामिल है। इसमें प्राय: वही लोग शामिल किए जाते हैं, जो मुख्यत: मानवता के विरोध और नरसंघार का काम करते हैं। इस पर 1994 में रवांडा के 8 लाख लोगों को 100 दिन तक चले आतंक में मारने का गंभीर आरोप है। अंतर्राष्ट्रीय खुफिया एजेंसियों की माने, तो काबूगा कीनिया में छुपा हुआ है।

कहने को तो जोसेफ कोन्ए युगांडा का गोरिल्ला नेता है। जिसने लॉर्ड्स रजिस्टेंसी आर्मी नेतृत्व कर सत्ता में भारी हस्तक्षेप किया। उसने थिओरेटिक सरकार को सत्ता में लाने के लिए हिंसक रास्ता अपनाया। अब उसकी काली छाया डेमोक्रेटिक रिपब्लिक आॅफ कांगो पर भी है। इसकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं ने ही उसे हथियारों के धंधे की ओर धकेल दिया है। अंतर्राष्ट्रीय अपराध कोर्ट ने उस पर मानवता और युद्ध अपराध के 33 आरोप लगाए हैं। शातिर और कूटनीति का माहिर कोन्ए बड़ी राजनीतिक पहुंच होने के कारण सलाखों से दूर है।

विलियम माइकल बल्गर, जो अमेरिका के मासचुसेट स्टेट से सीनेट के सदस्य थे, का बड़ा भाई जेम्स हवीटे बल्गर विंटर हिल गैंग का सदस्य है। यह गैंग बोस्टन में ड्रग और उससे जुड़े अपराधों को संचालित करता है। इसके अलावा इस पर 19 लोगों के खून का आरोप है। एफबीआई को काफी अर्से से इसकी तलाश थी। इसके पास एक अनुमान के मुताबिक 30-50 मिलियन डॉलर का खजाना है। हाल ही में मारे गए आतंक के सरगना ओसामा पर 125 करोड़ रुपये के इनाम के विपरीत, इस पर 20 लाख रुपये का इनाम था। अमेरिकी मूल का यह अपराधी सलाखों के बाहर है।

ओमिड निनो ताहविली कनाडा में हो रहे अपराध का बड़ा सरगना है। यह परसियन समूह का प्रमुख है, और इसके अपराध जगत के कई अंतर्राष्ट्रीय संगठनों जैसे ट्रिआड्स और अलकायदा आदि से संबंध हैं। यह ड्रग समेत कई संगठित अपराधों से जुड़ा है। ताहलिवी की खासियत यह है कि यह कभी भी अपना नाम सीधे तौर पर अपराध में सामने नहीं आने देता है। यह कहां पाया जाता है, क्या खाता है, कहां से आता है? इन सवालों के जवाब इसके खास लोगों के पास भी नहीं होते। तकनीक और तेजी के जरिए यह अंतर्राष्ट्रीय अपराध जगह में खास जगह रखता है।

अयमान-अल-जवाहिरी, पेशे से आंखों के शल्य चिकित्सक ने ‘मिस्र इस्लामी जिहाद’ नामक आतंकवादी संगठन की स्थापना की। जून 1951 में मिस्र के कैरियो में मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मा जवाहिरी 11 सितंबर के हमलों के बाद से भूमिगत है। उसे अरबी, अंग्रेजी और फ्रेंच आदि भाषाएं अच्छी तरह आती हैं। जवाहिरी को ओसामा का दाहिना हाथ माना जाता है, और वह लादेन की जगह भी ले सकता है। जवाहिरी-ओसामा की दोस्ती 80 के दशक में हुई, जब उसने सोवियत और अफगानिस्तान की लड़ाई के दौरान लादेन का इलाज किया। ओसामा के बाद अब वह आतंक का सबसे बड़ा नाम है।

No comments: